जैपुरिया स्कूल के बच्चों ने मनाया दुर्गोत्सव एवं दशहरा, किया मनमोहक डांडिया नृत्य

जैपुरिया स्कूल के बच्चों ने मनाया दुर्गोत्सव एवं दशहरा, किया मनमोहक डांडिया नृत्य

चंदौली। आज सेठ एम0 आर0 जैपुरिया स्कूल बनारस पड़ाव कैम्पस में ‘शक्ति पर्व’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय सदैव से ही सर्वधर्म सम्भाव को धारण करता रहा है, जिससे कि विद्यालय में सभी शिक्षारत बच्चों के ह्रदय में भी इस भाव का अंकुरण हो सके, इसलिए सभी धर्मों के उत्सवों को विद्यालय बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाता है। 

इसी कड़ी में बुराई पे अच्छाई की जीत दुर्गा पूजा (शक्ति पर्व) का भी आयोजन आयोजन स्कूल प्रांगण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा तुलसी वेदी पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। 

इसी क्रम में विद्यालय के संगीत समूह के बच्चों का नृत्य ‘दुर्गा दुर्गति नाशिनी’ ने संपूर्ण वातावरण को गुंजायमान कर दिया।

प्री-प्राइमरी के नन्हें मुन्ने बच्चों द्वारा भी डाँडिया नृत्य किया गया तत्पश्चात सामुहिक बंगाली नृत्य ‘ऐलो ऐलो ऐलो’के द्वारा माँ दुर्गा की विहंगम प्रस्तुति देकर बच्चों ने सभी को भाव विभोर कर दिया।

विद्यालय के नृत्य प्रशिक्षक अभिषेक बसाक ने ‘दुर्गा स्तुति’ नृत्य प्रदर्शित कर सभी को भक्ति के रस से भिगो दिया। कृतिका सिंह व बच्चों द्वारा दशहरा के अवसर पर विशेष रूप से किया जाने वाला गरबा नृत्य प्रस्तुत किया और इस प्रकार पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कुछ पल के लिए उपस्थित सभी लोग भक्ति के आनंद में निमग्न हो गए।

इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन दीपक बजाज, प्रबंध निदेशक मनोज बजाज, निदेशक श्यामसुंदर बजाज, सिद्धांत सचदेवा प्रधानाचार्य आशीष सक्सेना, मुख्य अध्यापिका प्रियंका मुखर्जी आदि की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन राजीव गिरि ने दिया एवं कार्यक्रम का संचालन राशि वहल एवं प्रीतीश डे ने किया।

Vikas Srivastava