दुष्कर्म के बाद तीन वर्षीय मासूम की निर्मम हत्या, आक्रोशित लोगों ने किया हंगामा

बिहार के समस्तीपुर के दलसिंहसराय थाने के पाड़ गांव मेें शनिवार की रात एक हवसी ने तीन वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी। शव को ओल के खेत में फेक दिया। बच्ची अपनी मां के साथ नानी घर आयी थी।बिहार के समस्तीपुर में एक तीन वर्षीय मासूम की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने जमकर हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार, गांव के ही राम भरोस के पुत्र राम लाल महतो (26) ने बच्ची को शनिवार की शाम करीब छह बजे गांव के पास से लेकर भाग गया। लड़की के गायब होने की जानकारी के बाद बच्ची की नानी के साथ स्थानीय मुखिया पति सहित दलसिंहसराय थाने की पुलिस पूरी रात आरोपी और बच्ची की तलाश में भटकती रही। लेकिन बच्ची नहीं मिल पायी।
रविवार की सुबह में खेत में पानी पटने के लिए जा रहे एक ग्रामीण को पांड़ पोखर के सामने ओल खेत में बच्ची का शव दिखाई दिया। इसके बाद बच्ची के परिवार के साथ साथ स्थानीय ग्रामीण व पुलिस ने खेत में पहुचकर बच्ची के शव को कब्जे में लिया। शव मिलने के बाद आक्रोशित लोगों ने जमकर हंगामा किया।
दलसिंहसराय थानाध्यक्ष नरेश पासवान के अनुसार बच्ची के साथ दुष्कर्म हुआ है। उसके बाद उसकी हत्या कर शव को फेंक दिया गया है। डीएसपी कुंदन कुमार ने भी घटना स्थल पर पहुचकर पूरे मामले की जांच की। डीएसपी ने बताया कि बच्ची के शव को पोस्टमार्ट के लिए भेज दिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी को टीम का गठन किया गया है। इस मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही स्पीडी ट्राइल चलाकर आरोपी को सजा दिलवाया जाएगा।